“सुशासन तिहार” के बीच वायरल VIDEO का दिखा असर, SDM ने जारी किया निलंबन आदेश
कोरबा/पसान। सोशल मीडिया में रिश्वत लेते कथित VIDEO वायरल होने के बाद आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई कर दी है। हल्का नंबर 10 के पटवारी विनोद अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, सोशल मीडिया और वेब न्यूज चैनलों में वायरल VIDEO में पटवारी विनोद अग्रवाल ग्रामीणों और किसानों से पैसे लेते दिखाई दे रहे थे। खबरों में यह भी आरोप लगाया गया था कि वन पट्टा ऑनलाइन करने के नाम पर ₹5 हजार और फौती नामांतरण के लिए ₹10 हजार तक की कथित वसूली की जा रही थी।
मामले को गंभीर मानते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी पोड़ीउपरोड़ा ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन का हवाला देते हुए पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यह कृत्य “कदाचार” की श्रेणी में आता है, जिससे राजस्व विभाग की छवि धूमिल हो रही थी। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसीलदार कार्यालय पसान निर्धारित किया गया है।
VIDEO वायरल होने के बाद ग्रामीणों और आदिवासी किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। लोग लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अब प्रशासन की इस कार्रवाई को “खबर का असर” माना जा रहा है।
KORBA/पसान में रिश्वतखोरी का VIDEO VIRAL! “सुशासन तिहार” के बीच पटवारी पर गरीब आदिवासियों से वसूली का आरोप, पैसा लेते कैमरे में कैद https://cgcitynews.in/1325










