TS Singhdeo Baij FastEnd बिश्रामपुर थाने के सामने पिछले कुछ दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज सियासी ड्रामा आखिरकार खत्म हो गया है। प्रशासन की ओर से घुटने टेकने और तीनों प्रमुख मांगें मान लेने के बाद, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने अपना अनशन खत्म कर दिया। दोनों नेताओं को जूस और नारियल पानी पिलाकर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कराया। सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होने के बाद से ही कांग्रेस के तमाम बड़े दिग्गज सड़क पर उतर आए थे और इस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।
एक शिकायत और बिश्रामपुर में गरमाई सियासत
इस पूरे विवाद की शुरुआत रविवार की रात को हुई थी। बिश्रामपुर के भाजपा नेता मुरली सोनी की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने यह कार्रवाई पूरी तरह से सत्ता के दबाव और प्रशासनिक रसूख के तहत की है। यह खबर फैलते ही इलाके की राजनीति गरमा गई और सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज खुद बिश्रामपुर पहुंच गए। पुलिसिया कार्रवाई का विरोध करते हुए वे वहीं थाने के सामने धरने पर बैठ गए।
जब आधी रात को पहुंचे टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल
मामला तब और गंभीर हो गया जब सोमवार की ही रात करीब 11 बजे पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी प्रदर्शनकारियों के बीच जा पहुंचे। इसके बाद मंगलवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर पुलिस के रवैये पर तीखे सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का साफ कहना था कि जब तक नरेंद्र जैन पर दर्ज केस वापस नहीं होगा, बिश्रामपुर के थाना प्रभारी को हटाया नहीं जाएगा और भाजपा नेताओं के खिलाफ जवाबी केस दर्ज नहीं होगा, तब तक आंदोलन थमेगा नहीं। सिंहदेव ने चेतावनी दी थी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अन्न-जल त्याग देंगे। बात न बनने पर वे मंगलवार शाम से आमरण अनशन पर बैठ गए, जबकि दीपक बैज लगातार क्रमिक भूख हड़ताल पर डटे रहे।
मैराथन बातचीत के बाद ऐसे निकला बीच का रास्ता
TS Singhdeo Baij FastEnd कांग्रेस के इस कड़े रुख और लगातार बढ़ते जनसैलाब को देखकर प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे। मंगलवार की रात ही सूरजपुर की एसडीएम शिवानी जायसवाल और एएसपी योगेश देवांगन भारी पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने नेताओं को समझाने और बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेसी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद बुधवार की सुबह एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। इस बार आईजी दीपक झा और सूरजपुर एसएसपी प्रशांत ठाकुर से सीधे बातचीत कराई गई। लंबी चर्चा के बाद आखिरकार जिला प्रशासन को झुकना पड़ा और उन्होंने कांग्रेस की तीनों मांगें मान लीं
जवाबी एफआईआर दर्ज, नेताओं ने कहा- यह न्याय की जीत
प्रशासन की हरी झंडी मिलते ही पुलिस ने नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन की शिकायत पर भाजपा के दो नेताओं के खिलाफ धारा 296 और 351 (3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके साथ ही विवादित थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही गई। मांगें पूरी होने के बाद टीएस सिंहदेव और दीपक बैज ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन समाप्त किया। इस मौके पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि हक और न्याय की इस लड़ाई में यह पहली कामयाबी है और आम जनता के अधिकारों के लिए उनका यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। वहीं दीपक बैज ने इसे सच की जीत बताते हुए आंदोलन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl










