पसान/कोरबा। कोरबा जिले के पसान तहसील कार्यालय से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां भीषण गर्मी और पानी संकट के दौर में अज्ञात चोरों ने तहसील परिसर में लगे बोरवेल के महत्वपूर्ण उपकरणों पर ही हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय परिसर में कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की पेयजल आवश्यकता को पूरा करने के लिए बोरवेल स्थापित किया गया था। लेकिन अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में बोर से जुड़े उपकरणों और सामग्री की चोरी कर ली, जिससे जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। सुबह जब कर्मचारियों ने बोर की स्थिति देखी तो उनके होश उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चोरों ने बोरवेल के पाइप एवं अन्य आवश्यक उपकरणों को निकालकर ले गए, जिसके कारण कार्यालय में पानी की व्यवस्था ठप हो गई है। गर्मी के इस मौसम में तहसील कार्यालय आने वाले ग्रामीणों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार पसान ने तत्काल पसान थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालय तक चोरों के निशाने पर आ गए हैं, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
जब तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय के परिसर में लगे बोरवेल तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की संपत्ति कितनी सुरक्षित होगी? भीषण गर्मी में पानी का संकट झेल रहे क्षेत्र में इस तरह की चोरी ने प्रशासन और पुलिस दोनों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।










