कोरबा/पसान। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया के सीपतपारा में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में युवक ने अपने बड़े पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होकर शहडोल चला गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच आरोपी अपने परिजनों से मिलने घर पहुंचा, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया

किसान क्रेडिट कार्ड के लिए जमीन बंटवारे की मांग
पुलिस के अनुसार, सीपतपारा निवासी बबन राम यादव के नाम पुश्तैनी जमीन थी, जिसका अभी तक बंटवारा नहीं हुआ था। बबन राम का नाम खातेदार के रूप में दर्ज होने के कारण उनके छोटे भाई के बेटे अशोक कुमार यादव उर्फ सोनू का किसान कार्ड नहीं बन पा रहा था। इसी वजह से अशोक जमीन का बंटवारा कराने की मांग कर रहा था और दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
डंडे के हमले के बाद कुल्हाड़ी से किया वार
बताया गया कि 22 सितंबर की सुबह अशोक कुमार यादव अपने बड़े पिता बबन राम यादव के घर पहुंचा। वहां जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान बबन राम ने गुस्से में अशोक पर डंडे से हमला कर दिया।
इससे नाराज अशोक ने अपने पास रखी कुल्हाड़ी से बबन राम पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और शहडोल चला गया।
मुखबिर की सूचना पर घर से दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने परिजनों से मिलने वापस घर पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात घेराबंदी की और अशोक कुमार यादव उर्फ सोनू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल दाखिल करा दिया है।
यह भी पढ़े 👇👇
संपत्ति विवाद में बुजुर्ग की हत्या, भतीजे ने टांगिया से सिर पर किया वार; आरोपी फरार
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl





















