रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत करते हुए छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को लेकर बड़ी घोषणा की है। सरकार ने फैसला किया है कि प्रदेश के हर गांव में मुक्तिधाम और सभी ग्रामीण शासकीय स्कूलों में बालिकाओं के लिए नए शौचालय बनाए जाएंगे। यह विशेष अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलेगा।

सरकार के अनुसार अभियान के तहत 6,524 गांवों में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय और 6,671 ग्रामीण स्कूलों में बालिका शौचालय बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 10 हजार से अधिक निष्क्रिय बोरवेलों में रिचार्ज पिट बनाकर भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इस पूरे अभियान पर करीब 6,855 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और रोजगार दोनों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बेटियों की गरिमा, स्वच्छता और ग्रामीण विकास का बड़ा संकल्प है। सभी विकास कार्य ग्रामसभा की स्वीकृति से किए जाएंगे तथा गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी रहेगी।










