कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा। पोड़ी-उपरोड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मनोज कुमार बंजारे ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज गिट्टी का परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सरमा चौक पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तनेरा स्थित क्रशर प्लांट से गिट्टी लोड कर कोरबी-जटगा रेलवे साइडिंग की ओर जा रहे दो हाइवा वाहनों पर पड़ी। संदेह होने पर दोनों वाहनों को रोककर चालकों से रॉयल्टी पर्ची एवं खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए।
पूछताछ के दौरान दोनों चालक किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची या परिवहन अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, पसान तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम और कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। प्रथम दृष्टया अवैध गिट्टी परिवहन की पुष्टि होने पर माइनिंग एक्ट के तहत दोनों हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक देवव्रत मरावी एवं टेकराम पाव के बयान भी दर्ज किए गए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त दोनों वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोरबी पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनिज परिवहन की शिकायतें मिलती रही हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खबर पर संज्ञान लिए sdm साहब पढ़े खबर 👇👇










