कोरबा: // जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने गुरुवार को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड का व्यापक दौरा कर विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अधूरे निर्माण और कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत ग्राम पंचायत कापुबहरा से हुई, जहां उन्होंने रीपा (RIPA) का निरीक्षण कर संचालित स्व-सहायता समूह से चर्चा की तथा वृक्षारोपण के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद कोरबी में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की।
सिंघिया में सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण करते हुए दुकान संचालकों से चर्चा की और SWM Rules-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रत्येक दुकान में चार प्रकार के डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। इसी ग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को शीघ्र निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
बिंघरा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) अंतर्गत कचरा संग्रहण शेड का निरीक्षण किया। समूह से कचरा संकलन व्यवस्था की जानकारी ली तथा गोबर गैस संयंत्र को शीघ्र क्रियाशील (Functional) करने के लिए सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया।
तुमान में अटल डिजिटल सेवा केंद्र एवं स्कूल भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जटगा में आंगनबाड़ी और स्कूल भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
अमलीकुंड़ा में स्कूल और आंगनबाड़ी निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर CEO ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की चालू स्थिति की लोकेशन सहित फोटो भेजने के निर्देश दिए।
पसान में स्कूल, आंगनबाड़ी भवन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। जिन हितग्राहियों ने अभी तक आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया था, उनसे चर्चा कर तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
विकासखंड स्तर पर हुई मैराथन समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद विकासखंड मुख्यालय में सभी सचिवों एवं रोजगार सहायकों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विभिन्न निर्माण कार्यों एवं अन्य शासकीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। CEO प्रतीक जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किए जाएं।
बैठक में SDO RES, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता, तकनीकी सहायक, BPM NRLM, BC PMAY, BC SBMG, RGSA संकाय सदस्य तथा सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।










