कोरबा/कटघोरा। छुरी मुख्य मार्ग स्थित राज ज्वैलर्स में दिनदहाड़े कट्टा और चाकू की नोक पर हुई सनसनीखेज लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, लेकिन अब लुटेरों के CCTV फुटेज और फोटो सामने आ गए हैं, जिनमें तीन में से दो बदमाशों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं।

कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इन आरोपियों को पहचानता है या इनके बारे में कोई भी जानकारी रखता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। आपकी एक छोटी सी सूचना इन शातिर अपराधियों तक पुलिस को पहुंचा सकती है।

बिना नंबर की बाइक और कट्टा छोड़कर भागे बदमाश
वारदात के दौरान घबराए बदमाश अपनी बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और एक कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए। अब पुलिस बाइक के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

राज ज्वैलर्स संचालक की बहादुरी बनी चर्चा का विषय
इस पूरी घटना में राज ज्वैलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल ने अद्भुत साहस दिखाया। हथियारबंद बदमाशों के सामने झुकने के बजाय उन्होंने उनका डटकर मुकाबला किया। इसी अफरा-तफरी में बदमाश शोकेस में रखे आर्टिफिशियल (नकली) जेवर ही समेटकर भाग निकले, जबकि तिजोरी में रखा असली सोना सुरक्षित बच गया।
24 घंटे में कार्रवाई नहीं, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, घटना के 24 घंटे बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, हाल ही में कटघोरा थाना प्रभारी के दो बार तबादले के बाद हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
पुलिस की अपील
यदि आप वायरल फोटो या CCTV फुटेज में दिख रहे किसी भी संदिग्ध को पहचानते हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कोरबा में दिनदहाड़े राज ज्वेलर्स में लूट, मिर्च पाउडर फेंककर आरोपी फरार
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl










