कोरबा। जिले में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सोमवार को आमजन की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। शहरी और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, सीमांकन, पट्टा, बिजली व्यवस्था और विभिन्न योजनाओं के लाभ से जुड़ी शिकायतें कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के समक्ष रखीं।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में कुल 140 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, आवास, भूमिहीन मजदूर कल्याण योजना, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए तथा किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब न हो।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र कुमार पटेल, श्री ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।










