कोरबा-पेंड्रा मार्ग पर हादसा, 112 की तत्परता से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
कोरबा/पसान। कोरबा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित बैरा घाट में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोरबा से पेंड्रा की ओर जा रही एक कार और पसान से कोरबा आ रही दूसरी कार आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के सामने के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैरा घाट के ऊपरी हिस्से में मोड़ के पास दोनों वाहन अचानक आमने-सामने आ गए, जिससे यह दुर्घटना हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
112 की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
कुछ देर के लिए बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की कतार लग गई थी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
बैरा घाट में लगातार बढ़ रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैरा घाट के तीखे मोड़ और तेज रफ्तार के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा उपाय बढ़ाने और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।










