रायगढ़ में ‘लव जिहाद’ का आरोप: पहचान छिपाकर शादी, धर्मांतरण का दबाव
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक कथित “लव जिहाद” और अवैध धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया है। बजरंग दल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपनी वास्तविक पहचान और वैवाहिक स्थिति छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी की। महिला का दावा है कि शादी के बाद उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा बच्चों पर भी कथित रूप से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।
बच्चों को राष्ट्रविरोधी नारे सिखाने का आरोप
मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि मासूम बच्चों को राष्ट्रविरोधी नारे सिखाने और बुलवाने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे एक बड़ी साजिश से जोड़कर देखा है।
बजरंग दल ने खोला मोर्चा
शुक्रवार को बजरंग दल के पदाधिकारियों ने रायगढ़ SSP से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, उसके आर्थिक स्रोतों की जांच और कथित विदेशी फंडिंग की पड़ताल की मांग की है।
ये हैं प्रमुख मांगें
आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी
कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई
संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की जांच
कथित विदेशी फंडिंग की जांच
पीड़ित महिला और उसके परिवार को सुरक्षा
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में गलत संदेश जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।










