कोरबा// ( Illegal Sand Mining Korba) जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। ग्राम पंचायत जोगीपाली, तहसील बरपाली क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और एक हाईवा वाहन जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक खनिज विभाग को शिकायत मिली थी कि जोगीपाली क्षेत्र में भारी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान मौके पर अवैध खनन की पुष्टि हुई, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए उत्खनन में इस्तेमाल हो रही चौन माउंटेन मशीन (पोकलेन) और हाईवा वाहन को जब्त कर लिया।
खनिज विभाग ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।










