कोरबा/ पसान // । थाना पसान क्षेत्र में टोनही प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में टोनही प्रताड़ना जैसी कुप्रथा के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नितिश ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना पसान पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

क्या है पूरा मामला?
ग्राम कुकरीबहरा निवासी फूलमत बाई ने थाना पसान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पड़ोसी सोनकुंवर और उसके परिजनों द्वारा उसे लगातार “टोनही” कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी बेलचा, डंडा और टांगी से हमला किया गया, जिससे कुल चार लोग घायल हो गए।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत पर थाना पसान में अपराध क्रमांक 127/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 191(3) तथा टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
3 आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बुधराम, बलराम और वीरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बेलचा, डंडा और अन्य हथियारों को जब्त कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में किया जाएगा पेश
मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं मुख्य आरोपी सोनकुंवर की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का संदेश
पसान थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि टोनही प्रताड़ना, अंधविश्वास और महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।










