पसान // न्यायालय तहसील पसान परिसर में इन दिनों पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। तहसील कार्यालय के अंदर लगा पानी का फ्रीज और नल कई दिनों से सूखा पड़ा हुआ है, जिससे यहां आने वाले आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

तहसील कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण और आमजन अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। घंटों इंतजार के दौरान लोगों को पीने के पानी तक की सुविधा नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में लगा फ्रीज लंबे समय से खराब पड़ा है और नलों में भी पानी नहीं आ रहा है।

इतना ही नहीं, तहसील कार्यालय के आसपास किसी प्रकार का लोकल प्याऊ भी उपलब्ध नहीं है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने और सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन तहसील जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में ही पानी की व्यवस्था ठप होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं।










