कोरबा/ पसान // पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कर्री में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन के पिलर, बीम और अन्य हिस्सों में निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं दिख रही। तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि यदि अभी जांच नहीं हुई तो भविष्य में यह भवन मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए खतरा बन सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब निर्माण कार्य जारी है, तभी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, फिर भी संबंधित विभाग और जिम्मेदार इंजीनियरों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही। इससे लोगों के बीच यह चर्चा है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने के लिए गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है?

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्वतंत्र तकनीकी टीम भेजकर निर्माण सामग्री, पिलर, बीम और अन्य संरचनात्मक कार्यों की जांच कराई जाए। यदि निर्माण में मानकों की अनदेखी या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
हालांकि, निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग का पक्ष अभी प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
यह भी पढ़े 👇










