कोरबा/ पसान // जिले के जटगा से लेकर पसान और कोटमी तक जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में यह सड़क और भी खतरनाक बन गई है, जिससे हर समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, छात्र, कर्मचारी और व्यापारी आवाजाही करते हैं। लेकिन सड़क की बदहाली के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं, जबकि भारी वाहन गुजरने पर कीचड़ और गड्ढों के कारण लंबा जाम भी लग जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई, तो बारिश के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है।










