बलौदाबाजार। जिले के कसडोल स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायत जांच में सही पाई गई है। छात्राओं द्वारा भोजन में चावल के साथ कीड़े मिलने की जानकारी अपने पालकों को देने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच के दौरान चावल में कीड़े मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन को भोजन व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने अपने पालकों को बताया था कि पिछले कई दिनों से उन्हें गुणवत्ताहीन भोजन परोसा जा रहा है।
उनका कहना था कि भोजन में इस्तेमाल किए जा रहे चावल में इल्लियां निकल रही हैं। छात्राओं की शिकायत के बाद पालकों ने विद्यालय की भोजन व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से मामले की जांच कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जिला मिशन समन्वयक नरेंद्र वर्मा विद्यालय पहुंचे और छात्राओं से अलग-अलग चर्चा कर भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। जांच के दौरान छात्राओं की शिकायत सही पाई गई। निरीक्षण में चावल में कीड़े भी मिले, जिससे शिकायत की पुष्टि हो गई।
जांच के बाद विद्यालय की भोजन व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए। जिला मिशन समन्वयक नरेंद्र वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान चावल में कीड़े पाए गए। इसके बाद अधीक्षिका और रसोइया को चावल अच्छी तरह साफ करने के बाद ही भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय की अधीक्षिका देव कुमारी नायक ने बताया कि दो दिन पहले छात्राओं ने भोजन में कीड़े मिलने की जानकारी दी थी। शिकायत सामने आने के बाद रसोइया को चावल अच्छी तरह साफ कर भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
घटना सामने आने के बाद पालकों ने छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की मांग की है। उनका कहना है कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। पालकों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। शिकायत सही पाए जाने के बाद अब विद्यालय की भोजन व्यवस्था और निगरानी को लेकर उठे सवालों के बीच आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
Read link 👇👇










