कोरबा // ज्वेलरी शॉप में दिनदहाडे हुई लूट का पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात को हत्या, अनाचार व आर्म्स एक्ट के आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। वे तीनों लंबे समय तक एक साथ जेल में निरूद्ध थे। इस दौरान उनकी जान पहचान हुई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टर माइंड फरार है। उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

कटघोरा थानांतर्गत छुरीकला वार्ड क्रमांक 10 में राजकुमार अग्रवाल निवास करते हैं। वे मुख्यमार्ग में राज ज्वेलर्स का संचालन करते हैं। वे प्रतिदिन की तरह 1 जुलाई की दोपहर ज्वेलरी में बैठे थे। इसी दौरान बाइक में सवार होकर तीन लोग पहुंचे। उनमे शामिल एक सलवार कुर्ता पहना था। उन्होंने संचालक के कट्टा अड़ाते हुए आंख में मिर्ची पाउडर डालने की कोशिश की। इसके साथ ही सामान समेटने में जुट गए। उनके हाथों में देशी कट्टा देख कर भी संचालक ने हार नही मानी। वह बदमाशों से भिड़ गया। आखिरकार बदमाश थोड़े बहुत सामान लेकर भागने मजबूर हो गए। उन्होंने कट्टा व बिना नंबर की प्लेटिना बाइक को भी मौके पर छोड़ दिया।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी मौके पर जा पहुंचे। उनके निर्देश एएसपी कोरबा लखन पटले, एएसपी कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा दर्री सीएसपी विमल कुमार पाठक के पर्यवेक्षण व कटघोरा थाना प्रभारी एमबी पटेल व निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। टीम ने मौके पर मिले कट्टे की जांच की तो वह नकली निकला। आरोपियों तक पहुंचने सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, इसके अलावा संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन कोई सुराग नही मिला। आखिरकार पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपियों की तस्वीर जारी करते हुए दस हजार इनाम की घोषणा कर दी। मुखबीर और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने कोरबी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम घुंचापुर निवासी गोपाल सिंह गोंड़ 38 वर्ष व श्यांग थाना के ग्राम जिल्गा में रहने वाले परदेशी राम राठिया 40 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उन्होंने करतला थाना के ग्राम कोलगा निवासी विष्णु प्रसाद राठिया के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। लूट को अमलीजामा पहनाने के लिए विष्णु ने ज्वेलरी शॉप को चुना था। वे अलग अलग साधनों से छुरी पहुंचे थे, जहां से घटना को अंजाम देने के बाद अलग अलग फरार भी हुए थे। बहरहाल मामले में पुलिस ने आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में गिरोह के सरगना विष्णु राठिया की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
Read 👇👇link
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
कोरबा में दिनदहाड़े राज ज्वेलर्स में लूट, मिर्च पाउडर फेंककर आरोपी फरार










