कोरबा/ पसान // जिले के ग्राम पंचायत पसान में विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पंचायत के छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक रोड की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क पर लगातार पानी बह रहा है और जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह स्थिति पंचायत की उप सरपंच प्रतिभा वर्मा के घर के सामने बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बहते पानी और गड्ढों के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत में विकास कार्यों के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। बैंक रोड जैसी महत्वपूर्ण सड़क की अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत एवं जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि उप सरपंच के घर के सामने ही ऐसी स्थिति है तो गाँव के अन्य हिस्सों में विकास कार्यों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के घर के सामने ही मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, तो आखिर ग्राम पंचायत पसान का समग्र विकास कैसे होगा?










