गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के चर्चित सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि हत्या और करोड़ों के जेवर लूट की इस सनसनीखेज वारदात की साजिश महीनों पहले रची गई थी। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले बिहार और झारखंड के तीन शूटर अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के बिटकुला निवासी खुशीराम साहू ने इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। उसने अपने भतीजे राजाराम साहू के साथ मिलकर सराफा व्यापारियों की रेकी की और प्रदीप सोनी को निशाना बनाया। इसके बाद बिहार और झारखंड से शूटर बुलाकर लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
देवरीखुर्द में हुआ लूटे गए जेवरों का बंटवारा
वारदात के बाद आरोपी देवरीखुर्द स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे, जहां लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों का बंटवारा किया गया। साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से:
01 देसी कट्टा
02 जिंदा कारतूस
लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण
03 मोबाइल फोन
बरामद किए हैं।
फरार शूटरों की तलाश तेज
पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल राहुल, संजय और राजू अभी फरार हैं। तीनों की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में लगातार छापेमारी की जा रही है।










