सरगुजा। Naib Tehsildar Assault Case : जिले से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। विधायक रामकुमार टोप्पो ने खुद अपनी गिरफ्तारी देने की बात कही है। उन्होंने साफ कहा कि राजस्व कर्मियों को हड़ताल पर जाने की कोई आवश्यकता नहीं है और समर्थकों से भी शांत रहने की अपील की है। विधायक ने कहा, “मैं खुद अपनी गिरफ्तारी देने जा रहा हूं। किसी भी समर्थक को घबराने या जमावड़ा लगाने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि “यह सुशासन की सरकार है, मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में भी कोई परेशानी नहीं हुई और अब मैं स्वयं गिरफ्तारी दूंगा।” साथ ही उन्होंने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय ऐसी स्थिति नहीं होती थी।
Naib Tehsildar Assault Case
दरअसल, सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटना के विरोध में शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी संघ के पदाधिकारी और सदस्य सामूहिक अवकाश लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी विधायक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अपर कलेक्टर सुनील कुमार नायक ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी संघ की जिला इकाई ने कलेक्टर से मुलाकात कर घटना पर गहरा विरोध दर्ज कराया है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल से आरोपी विधायक की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि नायब तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। कनिष्ठ प्रशासनिक संघ भी इस मामले को लेकर आंदोलनरत है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
शुक्रवार को जिलेभर के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न करती हैं और अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
विधायक रामकुमार टोप्पो के बयान और प्रशासनिक अधिकारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद सरगुजा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।
Naib Tehsildar Assault Case👇👇










