कोरबा // सरमा // विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत सरमा में राशन वितरण व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। भीषण गर्मी के बीच राशन लेने पहुंचे सैकड़ों हितग्राहियों को पीने के पानी तक के लिए तरसना पड़ा। पंचायत भवन में फिंगर लगाने की व्यवस्था तो की गई, लेकिन ग्रामीणों के लिए पानी, छांव और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं नदारद रहीं। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
ग्रामीणों के मुताबिक राशन वितरण के लिए केवल पंचायत भवन में फिंगर वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई थी। तेज धूप और उमस के बीच लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन परिसर में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। प्यास से परेशान ग्रामीणों ने जब वहां मौजूद ऑपरेटर से पानी की मांग की तो उसने स्वयं के भी प्यासा होने की बात कही। वहीं पंचायत के प्यून ने बताया कि सरपंच और सचिव को कई बार मटका, बाल्टी और पानी की व्यवस्था करने के लिए कहा गया, लेकिन आज तक कोई पहल नहीं की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में विभिन्न मदों में राशि खर्च होने के बावजूद आम लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। पंचायत भवन में निर्मित पानी टंकी भी अब तक चालू नहीं हो सकी है। इसके अलावा भवन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है।
स्थिति यह है कि हर महीने लगभग 450 राशन कार्डधारी इसी तरह की अव्यवस्था का सामना करने को मजबूर हैं। राशन वितरण स्थल पर न छांव की व्यवस्था है और न ही शुद्ध पेयजल की सुविधा। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन सरमा पंचायत में इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर कब संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं कब तक उपलब्ध हो पाती हैं।










