कोरबा // पोंड़ी उपरोड़ा की सियासत में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब नामांकन के अंतिम दिन भाजपा नेता की हत्या का आरोपी जनपद कार्यालय पहुंचा। उसने जनपद सदस्य के लिए होने वाले उप चुनाव में हिस्सा लेने विधिवत नामांकन दाखिल कर दिया। क्षेत्र में उप चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही दावेदारों ने हार व जीत के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी थी। ऐनवक्त पर आरोपी ने नामांकन दाखिल कर अन्य दावेदारों के सामने चुनौती पेश कर दी है।
कटघोरा थानांतर्गत ग्राम केशलपुर में 23 दिसंबर की सुबह करीब दस बजे हत्या की सनसनीखेज वारदात घटित हुई थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग सड़क निर्माण कार्य के सिलसिले मे केशलपुर गए थे। वे मजदूरों के पास पहुंचे ही थे कि कार में सवार होकर कुछ बदमाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने श्री गर्ग के बाहर आते ही चाकू व कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में श्री गर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद तत्कालिन आईजी संजीव शुक्ला व पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे। उनके मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। इस दौरान मामला राजनैतिक रंजिश का निकला। मामले में मुख्य आरोपी मुश्ताक अहमद और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपी मुश्ताक अहमद को बिलासपुर जेल में निरूद्ध किया गया है। घटना के बाद से पोंड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 बिंझरा में जनपद सदस्य का पद रिक्त था। उप चुनाव की तिथि घोषित होने के साथ ही कार्यालय में 11 मई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा नेता की हत्या का आरोपी मुश्ताक अहमद बिलासपुर से कड़ी सुरक्षा के बीच जनपद कार्यालय पहुंचा। उसके साथ दो प्रस्तावक व समर्थक भी थे। उसने तमाम प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल कर दिया। यह खबर आग तरह क्षेत्र में फैल गई। खास तो यह है कि जनपद सदस्य बनने दावेदारों ने हार व जीत को लेकर रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी थी, लेकिन ऐनवक्त पर आरोपी के नामांकन दाखिल किए जाने से राजनीति की गणित गड़बड़ा गई है। राजनीति के जानकारों की मानें तो दावेदारों को अब नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। हालांकि हार व जीत का फैसला मतदाताओं के हाथ में है।
जनपद पंचायत क्रमांक 18 बिंझरा में जनपद सदस्य का पद रिक्त है, जिसके लिए प्रक्रिया जारी है। क्षेत्र से कुल 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिसमें एक ने दो नामांकन प्रस्तुत किए हैं। 1 जून को होने वाले मतदान में तीन पंचायत के मतदाता मतदान करेंगे।
– जयप्रकाश डडसेना, सहायक रिटर्निंगऑफिसर










