कोरबा / पसान // कोरबा जिले के पसान क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैरा मे हुए सुशासन तिहार के दौरान एक महत्वपूर्ण शिकायत सामने आई है, जिसमें विवादित भूमि के मामले में अंतिम फैसला होने तक उसकी बिक्री, रजिस्ट्री और किसी भी प्रकार के हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने आवेदन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पसान के पुराने सांस्कृतिक रंगमंच को तोड़े जाने से संबंधित मामला अभी जांच और निर्णयाधीन है। ऐसे में संबंधित भूमि की स्थिति स्पष्ट होने तक किसी भी प्रकार की खरीद-बिक्री या स्वामित्व परिवर्तन भविष्य में कानूनी और प्रशासनिक जटिलताएं पैदा कर सकता है।

आवेदन में मांग की गई है कि मामले में निष्पक्ष जांच और अंतिम फैसला होने तक उक्त विवादित भूमि के विक्रय, रजिस्ट्री, नामांतरण एवं हस्तांतरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, ताकि शासकीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल भूमि विवाद का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है। ऐसे में प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।





