कोरबा। यात्री बसों में छोटी-छोटी लापरवाहियां कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। कोरबा-पेंड्रा और कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर सामने आई तस्वीरें बस संचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

पहली तस्वीर पेंड्रा से कोरबा चलने वाली यात्री बस की है, जिसमें चालक बस चलाते समय लगातार मोबाइल फोन पर बात करता नजर आ रहा है। सड़क पर तेज रफ्तार वाहन और बड़ी संख्या में यात्रियों के बीच चालक का मोबाइल में व्यस्त रहना बेहद खतरनाक है। चालक की महज कुछ सेकंड की चूक भी बस में सवार यात्रियों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

वहीं दूसरी तस्वीर कोरबा से बिलासपुर चलने वाली यात्री बस की है। इसमें बस का हेल्पर चलती बस के दौरान अपना आधा शरीर बाहर निकाले हुए नजर आ रहा है। यह लापरवाही सीधे तौर पर दुर्घटना को न्योता देती दिखाई देती है। सड़क किनारे किसी वाहन, पेड़ या अन्य बाधा से टकराने पर गंभीर हादसा हो सकता है।

रोजाना देखने को मिलती है ऐसी लापरवाही
यह दोनों तस्वीरें महज उदाहरण हैं। यात्री बसों में नियमों की अनदेखी और सुरक्षा को लेकर लापरवाही के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। सवाल यह है कि जब बसों में यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी चालक और परिचालक पर होती है, तो ऐसी हरकतों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं होती?
बस चालक मोबाइल पर व्यस्त देखे वीडियो 👇
RTO और पुलिस की निगरानी पर भी सवाल
सबसे बड़ा सवाल RTO उड़नदस्ता और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर उठता है। यात्री बसें सड़कों पर रोजाना चलती हैं और प्रमुख मार्गों पर पुलिस व परिवहन विभाग की मौजूदगी भी रहती है। इसके बावजूद यदि चालक मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा है या चलती बस में हेल्पर शरीर बाहर निकाल रहा है, तो इन लापरवाहियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
बस में हेल्पर शरीर बाहर निकाल रहा है वीडियो 👇देखे 👇
यात्रियों की जिंदगी से जुड़े ऐसे मामलों में केवल हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही सख्ती और नियमित जांच जरूरी है। संबंधित विभागों को यात्री बसों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक-परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ही लापरवाही पर लगाम लगाई जा सके।
अब सवाल यही है—क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या यात्री सुरक्षा को लेकर समय रहते सख्त कदम उठाए जाएंगे?
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl





















