पसान। कटघोरा वनमंडल के पसान परिक्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिंगल हाथी कुम्हारी सानी स्कूल जाने वाले रास्ते पर पहुंच गया। जिस वक्त हाथी सड़क के आसपास मौजूद था, उसी दौरान करीब सुबह 9 से 10 बजे बच्चे स्कूल जाने के लिए निकल रहे थे। हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई।


शिक्षको ने दिखाई सूझबूझ, ग्रामीण की मदद से बच्चों को रोका
हाथी को स्कूल जाने वाले रास्ते के करीब देखकर शिक्षको ने तत्काल सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने ग्रामीण की मदद से बच्चों को हाथी प्रभावित क्षेत्र में जाने से रोक दिया। समय रहते बच्चों को सुरक्षित रोक लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन अमला
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाल लिया। वनकर्मियों ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी।
बताया जा रहा है कि इसके बाद हाथी पसान के समीप कोसा प्लांट की ओर निकल गया। वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही है, ताकि वह दोबारा आबादी या स्कूल आने-जाने वाले रास्ते की ओर न पहुंचे।
स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा बनी चिंता
सुबह के समय हाथी का स्कूल जाने वाले रास्ते पर पहुंचना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों की आवाजाही के समय वन विभाग की निगरानी और चेतावनी व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए।

फिलहाल वन अमला हाथी पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि हाथी की मौजूदगी की स्थिति में उसके करीब न जाएं और वन विभाग को तत्काल सूचना दें।
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl





















