नेहरू नगर गणेश चौक स्थित एक व्यवसायी के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने विंडो एसी हटाकर घर में घुसे और चाबी से अलमारी खोलकर उसमें रखी करीब 2.35 लाख रुपए, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कीमती स्टोन (रत्न) चोरी कर लिया। घटना की जानकारी उस समय हुई जब रात में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने घर के पीछे लगा विंडो एसी अपनी जगह से हटाया हुआ देखा और इसकी सूचना फोन कर परिवार सहित ऋषिकेश गए मकान मालिक को दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यह शहर की बड़ी चोरी की वारदातों में से एक मानी जा रही है। मकान मालिक के लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का वास्तविक और विस्तृत ब्योरा सामने आ सकेगा। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने नकबजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नेहरू नगर गणेश चौक निवासी व्यवसायी रजनीश सेठ 18 जुलाई को परिवार सहित ऋषिकेश घूमने गए थे। घर की सुरक्षा के लिए रात 10 से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। 23 जुलाई की रात गार्ड ने देखा कि घर के पीछे लगा विंडो एसी निकाला गया है। उसने तत्काल इसकी सूचना मकान मालिक को दी। इसके बाद मकान मालिक ने अपने पुत्र और एक परिचित को घर भेजा। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति विंडो एसी हटाकर घर के अंदर घुसा और चाबी से अलमारी खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
वीडियो कॉल पर बताया चोरी गया सामानः
पुलिस ने बताया कि वीडियो कॉल के माध्यम से मकान मालिक ने घर की स्थिति देखकर बताया कि अलमारी में लगभग 1.85 से 2.35 लाख रुपए, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कुछ कीमती स्टोन (रत्न) रखा थे। चूंकि वह वर्तमान में शहर से बाहर हैं, इसलिए चोरी गए सामान का यह विवरण केवल अनुमान के आधार पर दिया गया है। उनके लौटने और घर का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के बाद ही चोरी गए सामान का वास्तविक और विस्तृत विवरण उपलब्ध हो सकेगा
पहले रेकी करने की आशंकाः
घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले मकान और आसपास की गतिविधियों की रेकी की होगी। परिवार के बाहर जाने और घर के सूना होने की जानकारी मिलने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ नकबजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read 👇👇










