Bilaspur Rain News । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बिलासपुर-दोमहानी क्षेत्र में 10 से अधिक मकान चारों ओर से पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गए, जहां कई परिवार पूरी रात बाढ़ के पानी के बीच फंसे रहे। छोटे-छोटे बच्चे भी भूख-प्यास से बेहाल रहे और लोगों की निगाहें राहत-बचाव टीम का इंतजार करती रहीं।
शहर के सरकंडा बंधवापारा इलाके में भी घरों के भीतर पानी घुस गया, जिससे लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। सूचना मिलने पर प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया गया।

इस बार नगर निगम ने जलभराव नहीं होने का दावा किया था, लेकिन पहली ही बड़ी बारिश में शहर की मुख्य सड़कें, निचली बस्तियां और कॉलोनियां पानी में डूब गईं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित होने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
लगातार बारिश के चलते अरपा चेक डैम की नहर मानिकपुर के पास टूट गई, जिससे गांवों में तेजी से पानी घुस गया। देवरीखुर्द, मानिकपुर सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 1993-94 के बाद पहली बार इतनी भीषण बारिश और जलभराव देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण खतरा अभी भी बना हुआ है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।










