रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत 8.5 टन संदिग्ध लोहे का स्क्रैप जब्त किया है। पुलिस ने मौके से महिंद्रा 6 चक्का ट्रक समेत कुल ₹22 लाख की संपत्ति जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब पुलिस कबाड़ के असली स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का ट्रक में बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहे का स्क्रैप भरकर घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने छाल बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान तिरपाल के नीचे भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना और अन्य कबाड़ सामग्री मिली। चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान (19 वर्ष) निवासी सीएसईबी चौकी क्षेत्र, जिला कोरबा बताया। दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने लगभग 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप (अनुमानित कीमत ₹2 लाख) तथा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा 6 चक्का वाहन (अनुमानित कीमत ₹20 लाख) जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35(क), 35(ड) बीएनएसएस तथा धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि यह कबाड़ कहां से लाया गया और इसका वास्तविक मालिक कौन है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्ति से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Read link 👇👇
कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में हाथियों का उत्पात, तरई नार और पिपरहा में कई घर क्षतिग्रस्त










