कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा और पसान विकासखंड को जोड़ने वाला रानी अटारी–कोरबी मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और मलबे के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो इस मार्ग पर बस सेवा पूरी तरह बंद होने की आशंका जताई जा रही है।
इस सड़क पर निर्भर पिपरिया, सीपत, जल्के, विजयडांड, तनेरा, हरदेव, सरमा समेत 20 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीण, विद्यार्थी और यात्री सीधे प्रभावित होंगे। यही मार्ग मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, पेंड्रा, कटघोरा, कोरबा, बिलासपुर और रायपुर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है।
बस मलबे में फंसी, चालक ने दी चेतावनी
3 जुलाई की रात करीब 10 बजे आदर्श बस सीपत पंचायत के पास मलबे में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद भी बस नहीं निकल सकी, जिसके बाद चालक को बस सरमा–कोरबी मार्ग से वापस ले जाकर चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की ओर रवाना करना पड़ा। चालक ने साफ कहा कि यदि सड़क की तत्काल मरम्मत नहीं हुई तो इस मार्ग पर बस संचालन बंद करना पड़ेगा।
2022-23 में बनी सड़क फिर उखड़ी
ग्रामीणों का आरोप है कि 2022-23 में सड़क का नवीनीकरण कराया गया था, लेकिन कुछ ही समय में सड़क उखड़ गई और फिर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। वहीं 2016 में एसईसीएल द्वारा रखरखाव का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और एसईसीएल से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बस सेवा बंद होने के साथ किसी बड़े हादसे का खतरा भी बढ़ जाएगा।










