गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/ / मरवाही थाना क्षेत्र में हुए किराना व्यापारी के अपहरण एवं फिरौती के मामले का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने अपहृत किराना व्यापारी गिरीश यादव को तीन दिवस के भीतर ओडिशा के कोरापुट से सकुशल बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन तथा पुलिस लिखी प्लेट और नीली बत्ती लगी स्कॉर्पियो बरामद की गई है। पुलिस जांच में यह भी बात सामने आई है कि गिरीश भी गांजे के कारोबार से जुड़ा था और पैसों के लेनदेन को लेकर उसका अपहरण किया गया था।

20 जून की सुबह 11 बजे गिरीश यादव पिता रंजित यादव 41 वर्ष निवासी ग्राम उषाढ़ को पिस्टल की नोक पर उसके घर से दो अज्ञात लोगों ने अपहरण कर कार में बैठाकर ले गए थे। जिसकी रिपोर्ट पीड़ित की पत्नी ने मरवाही थाने में दर्ज कराई थी। जिस पर धारा 333, 140(3), 351(3), 3(5) बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट कायम कर घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई । आईजी बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग, एसपी मनोज खिलारी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना मरवाही की संयुक्त टीम ने लगातार डिजिटल ट्रैकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। इसी क्रम में पीड़ित गिरीश यादव के घर में छुटे मोबाइल पर अज्ञात मोबाइल धारक के द्वारा कॉल कर गिरीश यादव को छोड़ने के एवज में बीस लाख की मांग एवं नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भरे कॉल
आने लगे। इसी नंबर के सीडीआर, टावर लोकशन एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के सही लोकेशन का पता लगाया गया तथा विभिन्न राज्यों में पुलिस टीम भेजकर अपहृत गिरिश यादव को सुरक्षित बरामद किया गया। साथ ही तीन अपहर्ताओं को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय मरवाही के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी और जब्त सामग्री-पुंडलिक केंद्रे पिता लक्ष्मण केंद्रे 37 साल साकिन, उमरगा (रेतू) थाना जलकोट जिला लातूर महाराष्ट्र, चंद्रेशखर पिता गंगाराम 30 साल साकिन बाशनी जोधपुर सरस्वती नगर ओम कालोनी जिला जोधपुर राजस्थान, शेषपाल सिंह पिता हरि प्रसाद सिंह 30 साल साकिन नगला भिक्की सुराया थाना एंका जिला फिरोजाबाद (उ.प्र.) को गिरफ्तार करते हुए एक पिस्टल 6 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल, एक स्कार्पियो एन जिसमें नीली बत्ती व पुलिस लिखा प्लेट लगा है जब्त किया है।
कॉल डिटेल, लोकेशन, ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिसः एसपी
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन, डिजिटल ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया। अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न राज्यों में पुलिस टीमें भेजी गईं। लगातार तकनीकी निगरानी और समन्वित प्रयासों के बाद पुलिस ने अपहृत गिरीश यादव को सुरक्षित ओडिशा के कोरापुट से बरामद कर लिया है। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। मामले में कुछ आरोपियों के शामिल होने और फरार होने की बात सामने आई है जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम प्रयास कर रही है।
Read 👇👇










