कोरबा/ पसान // जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटीपखना में कथित अवैध वसूली और धमकी का मामला सामने आया है। पंचायत के उपसरपंच शंकर प्रसाद मरावी ने एक व्यक्ति पर झूठी शिकायत में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपसरपंच शंकर प्रसाद मरावी ने पसान थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत के सरपंच चंद्रप्रताप पोर्ते और उनके खिलाफ अवैध वसूली की झूठी शिकायत करने की धमकी देकर पैसे मांगे जा रहे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कहा कि यदि 2 लाख रुपये नहीं दिए गए तो कलेक्टर के पास शिकायत कर झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 15 मई 2026 से लगातार मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर रुपये की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने और बदनाम करने की धमकी दी जा रही थी।
उपसरपंच ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि पंचायत क्षेत्र में कोयला खदानों में चलने वाले ट्रकों की सुरक्षा के लिए कुछ लोगों को चौकीदार के रूप में रखा गया है, जिनका भुगतान ट्रक मालिकों द्वारा किया जाता है। इसी व्यवस्था को लेकर अवैध वसूली के आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पसान पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इस मामले के सामने आने के बाद पंचायत क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










