कोरबा/ पसान // तहसील कार्यालय पसान द्वारा ग्राम पसान में स्वामित्व योजना के अंतर्गत किए गए ड्रोन सर्वे और आबादी भूमि के नक्शा एवं संधारण खसरा तैयार होने के बाद आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। तहसीलदार पसान ने सार्वजनिक इश्तहार जारी कर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं से दावा-आपत्ति आमंत्रित की है।

जारी सूचना के अनुसार ग्राम पसान की आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कर नक्शा तैयार किया गया है तथा सर्वे के आधार पर आबादी भू-खंडों से संबंधित संधारण खसरा भी तैयार किया गया है। यदि किसी व्यक्ति, संस्था या भूमि धारक को तैयार नक्शे अथवा संधारण खसरे के संबंध में कोई आपत्ति या दावा प्रस्तुत करना है, तो वह 09 जून 2026 को सुबह 10 बजे तक तहसीलदार न्यायालय पसान में स्वयं या अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
तहसील कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले दावा-आपत्तियों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा। यह आदेश 22 मई 2026 को न्यायालय की सील एवं हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है।
राजस्व विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि सर्वे रिकॉर्ड, नक्शा या भूमि संबंधी विवरण में कोई त्रुटि प्रतीत होती है तो समय सीमा के भीतर अपना पक्ष अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि अभिलेखों का सही एवं पारदर्शी संधारण सुनिश्चित किया जा सके।










