कोरबा/ पसान // जिले के पसान क्षेत्र में पिछले लगभग 18 घंटे से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लंबे समय से बिजली गुल रहने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि बिजली बंद होने से जलापूर्ति भी प्रभावित हो गई है और लोगों को पीने के पानी तक के लिए जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बिजली फाल्ट के चलते घरों में लगे पंप और मोटर बंद पड़े हैं, जिससे पानी की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी दोनों की समस्या ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा पेयजल संकट का समाधान करने की मांग की है। यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो क्षेत्रवासियों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है










