कोरबा। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीनों और 16 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान जिले के कई क्षेत्रों में एक साथ छापेमार कार्रवाई की गई, जिससे अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

खनिज विभाग की टीम ने जांच के दौरान रेत, मिट्टी और गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ा। डौका गुड़ा, विजयपुर, सुतर्रा, आमाखोखरा, बिंझरा, पौड़ी और डुमरकछार क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनें जब्त की गईं। बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं, जबकि डुमरकछार में 1 जेसीबी और 2 ट्रैक्टर कार्रवाई की जद में आए।
विभाग के अनुसार सभी जब्त वाहनों को नियमानुसार विभिन्न पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं खनि निरीक्षकों द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद दोषियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर खनिज संसाधनों के संरक्षण और राजस्व नुकसान को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।










