कोरबा // सुशासन तिहार सरकार की जनता तक सीधी पहुँच की कार्यशैली का प्रतीक है। यह तिहार 1 मई से प्रारंभ हुआ है, जो 10 जून तक संचालित होगा। इसके माध्यम से जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। जिस तरह परिवार का मुखिया अपने परिवार के सुख-दुख जानने के साथ उनकी समस्याओं को दूर करता है, वैसे ही हमारी भी कोशिश है कि शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को परखने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को दूर किया जा सके।
उक्त बातें सुशासन तिहार के तहत आयोजित कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय ने कही। वे कोरबा ब्लाक के सुदुर वनांचल ग्राम लेमरू पहुंचे। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही हम सरकार में हैं और उनकी सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं लेमरू जैसे दूरस्थ गाँव में आया हूँ। 22 वर्ष पहले यहाँ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी चौपाल लगाई थी।
उन्होंने बताया कि शिविर में मंत्रीगण और सभी वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर व एसपी स्वयं जा रहे हैं। एक ही स्थान पर सभी अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कर समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। सुशासन तिहार के माध्यम से वे स्वयं भी किसी भी गाँव में अचानक पहुँचकर पेड़ के नीचे चौपाल लगा रहे हैं और जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण करा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। अभी तक 27 किश्तों में 18 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। इस राशि का उपयोग महिलाएँ अपने बेटे-बेटियों के जीवन को सँवारने में कर रही हैं। प्रदेश के गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जा रहा है। सरकार बनते ही 18 लाख पीएम आवास की स्वीकृति दी गई। प्रदेश में कुल लगभग 26 लाख आवास बनने हैं, जिनमें से 10 लाख आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। वनांचल के लोग बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता का संग्रहण करते हैं, जो उनकी आमदनी का मुख्य जरिया है। हमारी सरकार ने प्रति मानक बोरा संग्रहण दर को 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपए कर दिया है। इसके साथ ही संग्राहकों को पुनः चरण पादुका देना भी शुरू किया गया है। किसानों से सर्वाधिक मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है और उन्हें बोनस भी दिया जा रहा है।
भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए दिए जा रहे हैं। प्रदेश में रामलला दर्शन योजना के माध्यम से गरीबों को शासकीय खर्च पर तीर्थ यात्रा कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने सीएम के उड़न खटोले का स्वागत किया…”

सीएम का उड़न खटोला लेमरू पहुंचा…”
मुख्यमंत्री ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल समाधान योजना प्रारंभकिए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि अधिक बिल आने के कारण जो उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर पाए हैं, वे इसका लाभ उठाकर अपना सरचार्ज माफ करा सकते हैं। उन्होंने पीएम सूर्यधर योजना के माध्यम से बिजली बिल में कटौती करने तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ उठाने की भी अपील की।
शिविर को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मोदी की गारंटी को बहुत ही अल्प समय में पूरा किया है। रिकॉर्ड कीमत पर धान की खरीदी करने के साथ ही 26 लाख पीएम आवासों का निर्माण कराया जा रहा है।
वित्त मंत्री ओपी चैधरी ने भी आमजन को सम्बोधित किया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि सुशासन तिहार का आयोजन कर जिले की सभी ग्राम पंचायतों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है।
सभी आवेदनों को सूचीबद्ध करने के साथ ही समय-सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विषेष सचिव रजत बंसल, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनपद अध्यक्ष कोरबा बीजमोती राठिया सहित गणमान्य नागरिक व अधिकारी उपस्थित रहे।










