पसान/कोरबा // कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम तेलियामार में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। 9 नवंबर 2026 को पुलिस की अचानक हुई घेराबंदी से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 13 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 32 हजार रुपये नकद सहित करीब 1 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि पकड़े गए लोगों में एक शासकीय प्राथमिक शाला पड़रिपानी मे पदस्त प्रधान पाठक गजेंद्र यादव और ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच सहदेव आर्मो के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस कार्रवाई में प्रधान पाठक का नाम दर्ज होने के बाद अब शिक्षा विभाग की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं सरपंच के मामले में पंचायत प्रशासन की कार्रवाई को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने जुआ फड़ को घेरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को पसान थाना पुलिस को ग्राम तेलियामार में जुआ खेले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से मौके पर मौजूद जुआरियों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने जुआ खेलते हुए 13 लोगों को पकड़ लिया।

32 हजार नकद, दो बाइक और पांच मोबाइल जब्त
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मौके से 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने में लगाई गई 32 हजार रुपये की नगद राशि, एक लाल गमछा, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जब्त मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह नगदी सहित जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार 13 आरोपियों के नाम
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- शैलेंद्र जेम्स (45 वर्ष)
- कपिल सिंह (54 वर्ष)
- रवि ठाकुर (50 वर्ष)
- गजेंद्र यादव (30 वर्ष)
- सोनसाय (50 वर्ष)
- दशरथ खलखो (35 वर्ष)
- कैलाश कुंजूर (25 वर्ष)
- शौभमन (41 वर्ष)
- चन्द्रभान कौशिक (35 वर्ष)
- राजकुमार रजक (25 वर्ष)
- समार (31 वर्ष)
- सहदेव आर्मो (45 वर्ष)
- 30 वर्ष
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पसान थाना क्षेत्र के पसान, तेलियामार, बैरा, बनखेता सहित आसपास के गांवों के निवासी हैं।
शासकीय प्रधान पाठक और सरपंच के नाम से उठे सवाल
इस कार्रवाई के बाद मामला केवल जुआ एक्ट की कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है। पकड़े गए लोगों में शासकीय प्रधान पाठक और ग्राम सरपंच के नाम सामने आने से प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल भी खड़ा हो गया है।
शासकीय विद्यालय में प्रधान पाठक का पद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वाला होता है। ऐसे में पुलिस कार्रवाई में नाम दर्ज होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी से विभागीय जांच और स्पष्टीकरण की मांग उठ सकती है। वहीं ग्राम सरपंच के मामले में पंचायत प्रशासन भी तथ्यों के आधार पर जांच कर सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला शिक्षा अधिकारी शासकीय प्रधान पाठक के मामले में संज्ञान लेंगे? क्या पंचायत प्रशासन सरपंच के आचरण की जांच करेगा?
फिलहाल पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को रात में मुचलके पर छोड़ दिया। अब इस मामले में शिक्षा विभाग और पंचायत प्रशासन की अगली कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़े 👇👇
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl





















