कोरबा // शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और लगातार अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दर्री तहसील के भैरोताल प.ह.नं. 40 में पदस्थ पटवारी मिथलेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील अजगरबहार निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार पटवारी वर्मा को 1 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसमें भू-अभिलेख नियमावली के तहत दैनिक डायरी संधारित नहीं करने, कृषकों से संबंधित एग्रीस्टैक पंजीयन व बकेट क्लेम डिजिटल कॉप मोबाइल एप में प्रविष्टि का कार्य शुरू नहीं करने, नक्शा बंटाकन और अभिलेख दुरुस्ती के कार्य लंबित रखने सहित खरीफ वर्ष 2025-26 की मैनुअल गिरदावरी से संबंधित कार्य नहीं किए जाने का उल्लेख था। वर्मा ने 5 अक्टूबर को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन कलेक्टर कार्यालय ने इसे संतोषप्रद नहीं पाया। इसके बाद उनके 13 अक्टूबर से लगातार शासकीय कर्तव्य से अनुपस्थित रहने की जानकारी सामने आई। प्रशासन के अनुसार, पटवारी की लगातार अनुपस्थिति से चक्रवात अर्नब के कारण हुई फसल क्षति के आकलन तथा धान खरीदी से पहले किसानों की समस्याओं के निराकरण से जुड़े कार्य प्रभावित हुए। इसे शासकीय कार्य में व्यवधान और पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 (1) तथा नियम 3 (क), (ख), (ग) के उल्लंघन के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण व अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन आदेश जारी किया है,
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl





















