कटघोरा / तुमान। ग्राम पंचायत कटोरी-नगोई के आश्रित पारा कोसकटी पारा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। खेत में काम करने जा रहे किसान विशाल प्रसाद श्रीवास उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब रास्ते में जमीन पर पड़ा बिजली का तार उनके पैर के संपर्क में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि किसान दूर जा गिरे और उनकी जान बाल-बाल बची।

बताया जा रहा है कि यह तार गणेश प्रसाद यादव द्वारा लिए गए घरेलू अवैध बिजली कनेक्शन से जुड़ा था। जमीन पर गिरे तार के संपर्क में आते ही विशाल प्रसाद करंट से चिपक गए। इस हादसे में उनके बाएं हाथ पर करंट से जलने के गंभीर निशान आए हैं।

सूचना के बाद भी नहीं सुधरा बिजली तार
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से लाइनमैन को इसकी सूचना दी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद अब तक मौके पर कोई सुधार कार्य नहीं किया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक बिजली का तार अभी भी जमीन पर पड़ा हुआ है।
बच्चों और मवेशियों पर मंडरा रहा खतरा
जमीन पर खुले में पड़ा करंट प्रवाहित तार ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। खासकर गांव में आने-जाने वाले बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तार को नहीं हटाया गया तो दोबारा बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर अवैध कनेक्शन हटाने, बिजली लाइन को दुरुस्त करने और खुले तार को सुरक्षित करने की मांग की है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले संबंधित लाइनमैन तथा कथित अवैध कनेक्शनधारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक हादसा पहले ही हो चुका है, अब विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार न करे।
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl





















