हरदेवा में नाला पैदल पार कर देखा हाल, PWD और PMGSY अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश
कोरबी चोटिया/पोड़ी उपरोड़ा।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से प्रभावित पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के गांवों का हाल जानने कलेक्टर कुणाल दुदावत बुधवार को स्वयं मौके पर पहुंचे। कई स्थानों पर सड़क और पुलिया टूटने से आवागमन पूरी तरह ठप मिला। हरदेवा में हालात ऐसे थे कि कलेक्टर को खुद नाला पैदल पार कर क्षतिग्रस्त पुलिया तक पहुंचना पड़ा। निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि तीन दिनों के भीतर वैकल्पिक (डायवर्जन) मार्ग तैयार कर आवागमन हर हाल में बहाल किया जाए, जबकि स्थायी पुल-पुलियों के निर्माण की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू की जाए।

कलेक्टर ने तानाखार, पोड़ी उपरोड़ा, गुरसियां, कोरबी, पनगवां, सुखरीताल, हरदेवा और पसान क्षेत्र का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। ग्राम पंचायत पनगवां मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण करने के बाद वे सरमा मार्ग होते हुए हरदेवा पहुंचे, जहां पुलिया टूटने से ग्रामीणों का संपर्क पूरी तरह कट चुका था।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। तीन दिनों के भीतर अस्थायी मार्ग तैयार कर लोगों की आवाजाही शुरू कराई जाए और स्थायी निर्माण का प्रस्ताव तत्काल आगे बढ़ाया जाए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की। हरदेवा के सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न पठारी ने नए आंगनबाड़ी भवन की मांग रखी, जबकि पूर्व सरपंच सुखराज सिंह मरावी ने पुलिया निर्माण शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने सभी मांगों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद कलेक्टर ने सरमा-कर्रा बाहरा के जर्जर पुल का निरीक्षण किया और पसान क्षेत्र के विकास कार्यों की भी समीक्षा की। दौरे में एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम, जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर, एसईसीएल रानी अटारी-सिंदूरगढ़ परियोजना के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर के इस दौरे से बारिश से प्रभावित ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से बाधित सड़क और पुल-पुलियों की मरम्मत अब तेजी से होगी और आने वाले दिनों में आवागमन सामान्य हो सकेगा।









