कोरबा/ जटगा // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज में भैंस खोजने जंगल गए एक युवक पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने युवक को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धवलपुर के बधवापारा निवासी लगभग 35 वर्षीय ग्रामीण , संतोष पिता शिवमंगल सिंह, बीती रात करीब 9 बजे अपने मवेशियों की खोज में गांव से लगे जंगल की ओर निकले थे। इसी दौरान जंगल में पहले से मौजूद एक दंतैल हाथी से उनका सामना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और आगे की कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रभावित गांवों में हाथियों की मौजूदगी की सूचना समय पर नहीं दी गई, जिससे लोग अनजान होकर जंगल और खेतों की ओर जाते रहे। यदि समय रहते चेतावनी जारी की जाती तो शायद एक और परिवार को अपना सदस्य नहीं खोना पड़ता।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों के बावजूद वन विभाग की ओर से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। लोगों ने प्रभावित गांवों में नियमित गश्त, मुनादी और हाथियों की निगरानी के लिए विशेष टीम तैनात करने की मांग की है।
Read 👇link
पसान वन परिक्षेत्र में वन माफिया बेखौफ: सागौन की अवैध कटाई और साल वृक्षों की गिरडलिंग का खेल जारी!










