जीपीएम // मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उषाढ़ में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बेखौफ बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी का उसके घर के सामने से ही अपहरण कर लिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना परिजनों की मौजूदगी में हुई और बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। घटना का पूरा घटनाक्रम घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव शुक्रवार दोपहर अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान नीले रंग की एक बलेनो कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे दो अज्ञात युवकों ने अचानक गिरीश यादव को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास करने लगे। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
व्यवसायी को बचाने के लिए परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और आरोपियों का विरोध किया, लेकिन बदमाशों ने किसी की एक नहीं सुनी। आरोपियों ने परिजनों को धक्का देकर पीछे कर दिया और गिरीश यादव को जबरन कार में बैठाकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि उस समय व्यवसायी अर्धनग्न अवस्था में थे और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल मरवाही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में संदिग्ध वाहन और आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मरवाही पुलिस ने जिले के सभी सीमावर्ती थाना क्षेत्रों और चेक पोस्टों को अलर्ट कर दिया है। चूंकि मरवाही क्षेत्र मध्यप्रदेश की सीमा से लगा हुआ है, इसलिए अंतरराज्यीय मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है और संभावित मार्गों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जीपीएम मार्ग पर बड़ा हादसा: परीक्षा देने जा रही छात्रा को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत










