जांजगीर-चांपा। CG NEWS: जिले के अकलतरा क्षेत्र में बीजेपी नेता अमर सुल्तानिया पर अवैध मिट्टी उत्खनन का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों का दावा है कि मुढपार अकलतरा स्थित रामसागर डेम से लंबे समय से रातभर चैन माउंटेन और तीन हाईवा की मदद से मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने अवैध उत्खनन का विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर बीजेपी नेता अमर सुल्तानिया ग्रामीणों को धमकाते नजर आ रहे है
मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे मिट्टी उत्खनन से रामसागर डेम और आसपास की सड़क को नुकसान पहुंच रहा है। बताया जा रहा है कि जनवरी महीने में भी इस मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस जांच या कार्रवाई नहीं हुई।
अब ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं वायरल वीडियो और आरोपों के बाद इलाके की राजनीति भी गरमा गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।










